NGV PRAKASH NEWS

समझौते की बैठक में मामा की हत्या, लाठी के वार से गई जान
प्रयागराज, 27 अप्रैल 2026.
घूरपुर थाना क्षेत्र के बोंगी गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब बकरी के घर में घुसने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा समझौते के दौरान ही हत्या में बदल गया। घटना में भांजे ने अपने ही मामा के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान की बकरियां हुसैन के घर में घुस गई थीं, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया और समझौते के लिए दोनों पक्षों के लोग एकत्र हुए।
बताया जा रहा है कि समझौते के दौरान फिर से विवाद भड़क उठा। इसी बीच आरोपी गुड्डू, जो मृतक का भांजा है, ने पीछे से आकर अपने मामा निसार अहमद (उर्फ बड़का) के सिर पर लाठी से जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि निसार अहमद मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए पहले सारंगापुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान और थाना प्रभारी दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
