NGV PRAKASH NEWS
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी, कई शहरों में 3000 रुपये के पार पहुंचे रेट
नई दिल्ली, 01 मई 2026.
देश में विधानसभा चुनावों के समाप्त होते ही महंगाई का असर देखने को मिला है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त भारी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होते ही दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई बड़े शहरों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 3000 रुपये के पार पहुंच गए हैं। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अलग-अलग शहरों में कीमतों में वृद्धि अलग-अलग स्तर पर हुई है। दिल्ली में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद अब यह 3,071.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है। वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।
मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,024 रुपये पहुंच गई है, जो पहले 2,031 रुपये थी। कोलकाता में यह दर बढ़कर 3,202 रुपये हो गई है, जहां पहले यह 2,208 रुपये में मिल रहा था। जयपुर में कॉमर्शियल सिलेंडर अब 3,099 रुपये का हो गया है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर 3,237 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गई है।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर पड़ेगा, जिससे बाहर खाना और महंगा हो सकता है। खासतौर पर शादी के सीजन में यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है। फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
NGV PRAKASH NEWS
