4 दिन से बिजली गुल फिर भी बिल जनरेट कर रहा स्मार्ट मीटर:मीटर उखाड़ महिलाओ नें किया प्रदर्शन…….

NGV PRAKASH NEWS

स्मार्ट मीटर के बिल से भड़के ग्रामीण, चार दिन से बिजली गुल होने पर मीटर उखाड़कर किया प्रदर्शन

मुफ्तीगंज (जौनपुर), 03 मई 2026.

मुर्तजाबाद गांव की अनुसूचित बस्ती में शनिवार को बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्मार्ट मीटर के कथित मनमाने बिल और विभागीय लापरवाही से नाराज लोगों ने प्रदर्शन करते हुए अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, इसके बावजूद स्मार्ट मीटर से लगातार बिल जनरेट हो रहा है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग की। उनका कहना है कि बीते बुधवार को आई तेज आंधी में बिजली का खंभा गिर गया था, जिसके बाद से पूरी बस्ती अंधेरे में डूबी हुई है और अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।

आरोप है कि बिजली न होने के बावजूद उपभोक्ताओं के मोबाइल पर रोजाना 60 से 63 रुपये तक के बिल का मैसेज आ रहा है। अच्छे लाल, ओमप्रकाश, गीता देवी, निशा देवी, उर्मिला और बुल्लू यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल 100 से 200 रुपये के बीच आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बढ़कर 1000 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है।

मामले में क्षेत्रीय अवर अभियंता गुलाब प्रजापति ने बताया कि आंधी में खंभा गिरने की सूचना मिली थी और उसे ठीक कराने का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए गए प्रदर्शन की जानकारी होने से इनकार किया। वहीं, अधीक्षण अभियंता सर्किल प्रथम मनोज गुप्ता का कहना है कि बिजली न रहने की स्थिति में स्मार्ट मीटर प्रोविजनल बिल बनाता है, जो आपूर्ति बहाल होने के बाद स्वतः संशोधित हो जाता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या भ्रम की स्थिति में सीधे विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि समाधान किया जा सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *