Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती, 03 मई 2026. जनपद बस्ती में वाहन चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित ऑटो/टेम्पो चोर गैंग का खुलासा किया है। इस पूरी कार्रवाई की अगुवाई थाना अध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह ने की, जिनकी सक्रिय रणनीति और सतर्क निगरानी के चलते पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंग से जुड़े चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से तीन चोरी किए गए ऑटो/टेम्पो भी बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत नें क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह की मौजूदगी में बताया कि 20 अप्रैल 2026 को थाना नगर क्षेत्र के ग्राम संसापुर फुतहिया से ऑटो/टेम्पो चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिसके संबंध में थाना नगर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके अतिरिक्त थाना मुंडेरवा क्षेत्र में भी इसी प्रकार की चोरी की घटना दर्ज थी।
लगातार हो रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने टीम गठित कर सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।इसी क्रम में 03 मई 2026 को तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस टीम ने ग्राम बेलाड़ी से मरवटिया जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी की। मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन अदद चोरी के टेम्पो बरामद किए गए, जिनकी पहचान पूर्व में दर्ज चोरी की घटनाओं से जुड़ी हुई पाई गई।पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे गिरोह बनाकर सुनसान स्थानों से ऑटो/टेम्पो चोरी करते थे और उन्हें दूसरे जिलों में बेचने की योजना बनाते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेंद्र पुत्र शिवदास गौंड, रवि पुत्र अन्नेदेव, फारुख पुत्र रियाज अली तथा शिवपूजन पुत्र बेचैन शर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद बस्ती के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। इनके खिलाफ पूर्व में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना नगर पुलिस टीम के साथ एसओजी प्रभारी विकास यादव, उपनिरीक्षकगण तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन पूरी कार्रवाई की कमान संभालते हुए थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने जिस तरह से योजना बनाकर टीम को दिशा दी, वह इस सफलता का मुख्य आधार रहा।पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह द्वारा टीम को 25000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई |
*NGV PRAKASH NEWS*
