किराना व्यापारी की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कप्तानगंज में रुपये के विवाद में किराना व्यापारी की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी

मई 03 मई 2026.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के करचोलिया गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक किराना व्यापारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मस्जिदिया गांव निवासी मनोज मणि त्रिपाठी (लगभग 36 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

परिवार के मुताबिक, 2 मई की रात करीब 10 बजे मनोज घर से निकले थे। उन्होंने पत्नी कुमकुम को फोन कर बताया था कि वह खाना खाकर लौटेंगे, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। पूरी रात परिवार उनकी चिंता में परेशान रहा। रविवार सुबह करचोलिया फार्म के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के लिए फोटो दिखाया, जिसे देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। शव मनोज मणि त्रिपाठी का ही निकला।

प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। शव की हालत देखकर घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पत्नी कुमकुम ने रुपये के लेन-देन के विवाद को हत्या की वजह बताते हुए शिवम अग्रहरी समेत कुछ अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक परिवार ने अपना सहारा खो दिया, बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और गांव में शोक का माहौल है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *