Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नकबजनी गिरोह का खुलासा, परसरामपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को चोरी के माल सहित दबोचा
बस्ती, 04 मई 2026.
थाना परसरामपुर पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल, एक मोटरसाइकिल और नगदी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना परसरामपुर के थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सफलता को हासिल किया।
पुलिस के अनुसार, थाना पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 124/26 से संबंधित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 04 मई 2026 की भोर में मुखबिर की सूचना पर ग्राम भैंसहा मोड़ के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अवनीश गुप्ता पुत्र रोहित कुमार गुप्ता निवासी गोपीनाथपुर थाना परसरामपुर तथा सुग्रीव सोनकर पुत्र अदालत उर्फ शेरू निवासी सिकंदरपुर थाना परसरामपुर शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 04 फरवरी 2026 को थाना गौर क्षेत्र के रमवापुर चौराहे से एक सफेद अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर उसे ग्राम केसरई स्थित शिवमंदिर के पास सरसों के खेत में छिपा दिया था। इसके बाद 08 मार्च 2026 को अयोध्या में ए.के.बी.के. पेट्रोल पंप के पास से एक होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी की, जिसे बाद में पुलिस के डर से वहीं छोड़ दिया गया। 16 अप्रैल 2026 को गोपीनाथपुर में हार्दिक सोनी की किराना दुकान में रात के समय चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इसके अलावा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP43AV1492) की चोरी भी इनके द्वारा की गई, जिसके संबंध में थाना पैकोलिया पर मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने अवनीश गुप्ता के पास से एक मोटरसाइकिल और 1700 रुपये तथा सुग्रीव सोनकर के पास से 1150 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और मौका पाकर नकबजनी व वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र तिवारी, उपनिरीक्षक अवधेश चौधरी, हेड कांस्टेबल विकास सिंह और हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह सफलता प्राप्त हुई।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS
