Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

05 मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 06 घटनाओं का खुलासा
संतकबीरनगर, 04 मई 2026.
संतकबीरनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 चोरी की मोटरसाइकिलों और 17,500 रुपये नगद के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से कुल 06 वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण हुआ है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गोला बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान किशन कुमार निवासी मटिहना और मनीष सिंह निवासी थवईपार, थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से मौके पर 02 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, जबकि उनकी निशानदेही पर सरौली रेलवे लाइन के किनारे से 03 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इसके अलावा चोरी की तीन मोटरसाइकिलों को बेचकर प्राप्त 17,500 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये दोनों अभियुक्त आपस में दोस्त हैं और बाजारों में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका पाकर वाहनों की चोरी कर उन्हें सिद्धार्थनगर होते हुए नेपाल बॉर्डर के आसपास बेच देते थे और इसी से अपनी जीविका चलाते थे।
इस कार्रवाई से जिन 06 घटनाओं का खुलासा हुआ, उनमें खलीलाबाद के कृष्णा पैलेस, पटेल अस्पताल भुजैनी, बरदहिया बाजार, बंजरिया पश्चिमी, सिद्धार्थ हॉस्पिटल और महुली क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिलों के मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों में संबंधित थानों पर पूर्व में अभियोग पंजीकृत थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में एक नया अभियोग पंजीकृत करते हुए पूर्व दर्ज मुकदमों में भी सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी, लालबिहारी निषाद, अनिल कुमार यादव, धर्मनाथ यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मनीष सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस सफल कार्रवाई से जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है।
NGV PRAKASH NEWS
