NGV PRAKASH NEWS

कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, पांच पुलिसकर्मियों की मौत
नूंह, 05 मई 2026.
कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब दस बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार एक स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर से आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य किया गया।
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम के अनुसार, हादसे में मृत सभी लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे। इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर लिया गया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
NGV PRAKASH NEWS
