NGV PRAKASH NEWS

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, ‘वंदे मातरम’ को मिलेगा राष्ट्रगान के समान दर्जा
नई दिल्ली, 06 मई 2026.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में राष्ट्रीय गीत” वन्दे मातरम “को राष्ट्रगान “जन गण मन “के समान दर्जा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद हुई इस पहली कैबिनेट बैठक में मंत्रियों ने प्रधानमंत्री को जीत की बधाई भी दी।
केंद्र सरकार ने ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971’ में संशोधन के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। प्रस्तावित संशोधन लागू होने के बाद बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम’ को भी वही कानूनी संरक्षण मिलेगा, जो वर्तमान में राष्ट्रगान को प्राप्त है। सरकार का कहना है कि देश इस समय ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहा है।
मौजूदा कानून के तहत राष्ट्रगान के गायन में जानबूझकर बाधा डालने, अपमान करने या व्यवधान उत्पन्न करने पर तीन साल तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। प्रस्तावित संशोधन के बाद यही नियम राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ पर भी लागू होंगे। दोबारा अपराध करने की स्थिति में न्यूनतम एक वर्ष की सजा का प्रावधान भी रहेगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, संसद में पिछले वर्ष ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर हुई विशेष चर्चा के दौरान इसे राष्ट्रगान के बराबर दर्जा देने की मांग उठी थी। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को कानून का रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
NGV PRAKASH NEWS
