डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने रिंग रोड, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग और गोसंरक्षण केंद्र का किया औचक निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने रिंग रोड, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग और गोसंरक्षण केंद्र का किया औचक निरीक्षण

बस्ती, 06 मई 2026.
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को जिले के विभिन्न विकास कार्यों और संस्थानों का औचक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इफको किसान सेवा केन्द्र गोटवा, रिंग रोड निर्माण कार्य, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग, बृहद गोसंरक्षण केंद्र कोईलपुरा, भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र तथा कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया का जायजा लिया।

इफको किसान सेवा केन्द्र गोटवा में जिलाधिकारी ने उर्वरक स्टॉक, कृषि रसायन रजिस्टर और फर्टिलाइजर बिक्री व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि उर्वरक प्राप्त करने वाले प्रत्येक किसान का फॉर्म और रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखी जाए। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी निखिल द्विवेदी और इफको क्षेत्राधिकारी शुभम विश्वकर्मा ने बताया कि कभी-कभी पॉइंट ऑफ सेल मशीन में सर्वर संबंधी दिक्कत आने से उर्वरक बिक्री प्रभावित होती है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गोटवा स्थित रिंग रोड निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर नुशरत रवान, प्रोजेक्ट इंजीनियर रोहित श्रीवास्तव और प्रोजेक्ट मैनेजर विनय द्विवेदी को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

84 कोसी परिक्रमा मार्ग के सुधार एवं विकास कार्य के निरीक्षण के दौरान तैयारियां अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि कार्य में देरी न हो।

ग्राम कोईलपुरा स्थित बृहद गोसंरक्षण केंद्र में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वहां 272 गोवंश संरक्षित हैं। उन्होंने भूसा और चारे की उपलब्धता की जानकारी ली तथा बारिश के मौसम को देखते हुए समय रहते पर्याप्त भूसा भंडारण करने के निर्देश दिए। साथ ही पशु चिकित्साधिकारी सतीश वर्मा को निर्देशित किया कि सभी पशुओं का टीकाकरण समय से कराया जाए।

भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र में जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन किया और उनकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संयुक्त कृषि निदेशक उद्यान अवनीश श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों और उन्नत प्रजातियों के संबंध में समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उपजिलाधिकारी हर्रैया सत्येंद्र सिंह, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तोमर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप वर्मा, असिस्टेंट इंजीनियर आयुषी, जेई दिव्या सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *