NGV PRAKASH NEWS
शादी के 48 घंटे बाद पहुंचा बॉयफ्रेंड, बोला- “ये मेरी गर्लफ्रेंड है”, दूल्हे ने मांगा तलाक
मनेंद्रगढ़ में शादी के महज दो दिन बाद ऐसा विवाद सामने आया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। दुल्हन के कथित बॉयफ्रेंड ने ससुराल पहुंचकर दावा किया कि युवती पिछले तीन साल से उसके साथ रिलेशनशिप में थी। यह सुनते ही दूल्हा सदमे में आ गया और पत्नी को अपनाने से इनकार करते हुए तलाक की मांग कर दी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी अनिता से पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। 7 मई को दुल्हन की विदाई के बाद वह ससुराल पहुंची। घर में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंच गया। युवक ने खुद को दुल्हन का बॉयफ्रेंड बताते हुए कहा कि दोनों पिछले तीन साल से रिश्ते में हैं और उसके पास फोटो व वीडियो भी मौजूद हैं।
युवक की बात सुनते ही दोनों परिवारों के बीच जमकर बहस और हंगामा शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दूल्हा, दुल्हन और युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले गई, जहां देर रात तक समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
दूल्हे नवीन का कहना है कि यदि युवती पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी तो वह उसे पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं कर सकता। उसने साफ तौर पर तलाक लेने की बात कही। विवाद के चलते रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।
इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस दोनों परिवारों को समझाइश देकर आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
