अचानक ट्रेन से गायब हो गई प्रज्ञा- 2 महीने पहले मनीष और प्रज्ञा ने किया था लव मैरिज…….

NGV PRAKASH NEWS

केदारनाथ यात्रा से लौट रही नवविवाहिता ट्रेन से लापता, 40 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

ग्रेटर नोएडा / हरिद्वार, 11 मई 2026

बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे एक नवविवाहित दंपति की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह रहस्यमयी परिस्थितियों में चलती ट्रेन से लापता हो गईं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और रेलवे पुलिस समेत स्थानीय प्रशासन उनकी तलाश में जुटा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर निवासी और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के ग्रीन वैली विला में रहने वाले मनीष अग्रहरि ने इसी वर्ष फरवरी में प्रज्ञा सिंह से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पहली बार केदारनाथ यात्रा पर गए थे। 2 मई को दोनों यात्रा के लिए रवाना हुए और 5 मई को दर्शन के बाद देहरादून से गाजियाबाद लौटने के लिए नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए।

पति मनीष अग्रहरि के मुताबिक, हरिद्वार स्टेशन तक सब कुछ सामान्य था। यात्रा की थकान के चलते दोनों सो गए थे। हरिद्वार स्टेशन पर कुछ यात्रियों के चढ़ने के बाद उन्होंने पत्नी की सीट ऊपर कर दी और फिर सो गए। जब मुजफ्फरनगर स्टेशन पार होने के बाद उनकी आंख खुली तो प्रज्ञा अपनी सीट पर नहीं थीं।

मनीष ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि प्रज्ञा वॉशरूम गई होंगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर उन्होंने पूरी ट्रेन और शौचालयों में तलाश शुरू कर दी। कई यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जब उन्होंने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। प्रज्ञा का पूरा सामान ट्रेन की बर्थ पर ही रखा हुआ था।

मनीष ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी और गाजियाबाद पहुंचकर जीआरपी व आरपीएफ में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि घटना को 40 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। प्रज्ञा के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लक्सर के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली है।

परिजनों और पुलिस ने मुजफ्फरनगर, रुड़की और लक्सर क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश की, लेकिन जांच में तकनीकी बाधाएं सामने आईं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कई कैमरे अभी पूरी तरह कार्यशील नहीं हैं और रिकॉर्डिंग सिस्टम अपग्रेड प्रक्रिया में होने के कारण पुरानी फुटेज उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रज्ञा को सुरक्षित खोजने की गुहार लगाई है।

NGV PRAKASH NEWS

👉 किसी को प्रज्ञा के बारे में कोई जानकारी मिले तो वह सूचित कर सकता है……. 👇

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *