Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

Gyan Prakash Dubey
कथित रूप से किसान यूनियन से जुड़े गैंगस्टर पर रासुका
कासगंज, 14 मई 2026.
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कासगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित किसान यूनियन स्वराज संगठन से जुड़े गैंगस्टर एवं हिस्ट्रीशीटर सुजीत उर्फ सुरजीत पाण्डेय निवासी ग्राम गढ़ी हरनाथेर थाना ढोलना को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत निरुद्ध कराया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त की लगातार आपराधिक गतिविधियों, लोक व्यवस्था पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव तथा आमजन में व्याप्त भय के माहौल को गंभीरता से लेते हुए रासुका के तहत कार्रवाई संबंधी विस्तृत आख्या जिला प्रशासन को भेजी गई थी। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और रिपोर्ट के परीक्षण के बाद जिला मजिस्ट्रेट प्रणय सिंह ने 13 मई 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत निरुद्ध किए जाने का आदेश पारित किया।
पुलिस का कहना है कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ किसान हितों की आड़ में क्षेत्र में दहशत और अराजकता का वातावरण बनाए हुए था। उसके विरुद्ध महिला उत्पीड़न, दलित उत्पीड़न, लूट, डकैती, जमीन कब्जा, रंगदारी और अवैध वसूली समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि आए दिन जाम, दबंगई और अव्यवस्था फैलाकर आमजन जीवन को प्रभावित किया जाता था।
अभियुक्त की गतिविधियों से ग्राम गढ़ी हरनाथेर, गढ़ी पचगाईं सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और आतंक का माहौल व्याप्त था। व्यापारी वर्ग और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे थे। पुलिस प्रशासन ने इसे कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा मानते हुए कठोर कदम उठाया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, भय का वातावरण पैदा करने तथा संगठनों की आड़ में अराजक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
NGV PRAKASH NEWS
