बस्ती जिले का रजिस्ट्री ऑफिस बना जंग का अखाड़ा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती जिले का रजिस्ट्री ऑफिस बना जंग का अखाड़ा, मानसिक रोगी पिता की जबरन रजिस्ट्री कराने का आरोप

बस्ती, 14 मई 2026.

जनपद बस्ती के रजिस्ट्री कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई जब जमीन हड़पने की नीयत से मानसिक रोगी बुजुर्ग की कथित तौर पर जबरन रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया। विरोध करने पहुंचे बेटे और उसके परिवार के साथ मारपीट किए जाने, महिला के साथ अभद्रता तथा मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के समरधीर गांव निवासी धर्मेन्द्र पाण्डेय उर्फ पुट्टू बाबा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 14 मई की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनके मानसिक रूप से बीमार पिता को रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अपनी मां के साथ तत्काल रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे।

धर्मेन्द्र पाण्डेय का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद बाल गोविंद पाण्डेय, पवन कुमार पाण्डेय निवासी समरधीर, रतन शुक्ला निवासी परासडीह, गुल्ली बाबा तथा तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से मारपीट की।

तहरीर में कहा गया है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां और पत्नी बबली पाण्डेय के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने पत्नी की साड़ी खींचते हुए उनका मंगलसूत्र तोड़ दिया। घटना के दौरान हुई मारपीट में धर्मेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए और जाते समय उनका मोबाइल फोन भी छीन ले गए।

होश आने के बाद धर्मेन्द्र पाण्डेय सिविल लाइन चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं तथा जमीन कब्जाने की साजिश कर रहे हैं।

पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी से मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *