जाली नोटों के नेटवर्क पर बस्ती पुलिस का बड़ा प्रहार, गैंगस्टर एक्ट में तीन आरोपी गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey

जाली नोटों के नेटवर्क पर बस्ती पुलिस का बड़ा प्रहार, गैंगस्टर एक्ट में तीन आरोपी गिरफ्तार

बस्ती, 17 मई 2026.
जिले की छावनी थाना पुलिस ने भारतीय जाली करेंसी नोटों के मुद्रण, परिवहन और परिचालन से जुड़े गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत नें बताया कि भारतीय जाली करेंसी नोटों के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में थाना छावनी पर पहले से मुकदमा दर्ज था। इसी मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 98/2026 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में जगबहादुर पटेल निवासी करनपुर थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर, शिव कुमार कनौजिया निवासी गरगड़वा थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर तथा राजकुमार गुप्ता निवासी महुली बाजार थाना महुली जनपद संतकबीरनगर शामिल हैं। पुलिस ने जगबहादुर पटेल और शिव कुमार कनौजिया को जेएनवीटी अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया, जबकि राजकुमार गुप्ता को ग्राम महदेवा के समीप सड़क किनारे से दबोचा गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी शिव कुमार कनौजिया के खिलाफ पहले भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिसमें मारपीट, धोखाधड़ी, जालसाजी और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े आरोप शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई को थाना छावनी पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है तथा मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *