मां का कटा हाथ लेकर कमिश्नरेट पहुंचा ITBP जवान, कृष्णा अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप…….

NGV PRAKASH NEWS

कानपुर में मां का कटा हाथ लेकर कमिश्नरेट पहुंचा ITBP जवान, निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप

कानपुर, 19 मई 2026.

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद सनसनीखेज और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां आईटीबीपी में तैनात एक जवान अपनी मां का कटा हुआ हाथ बॉक्स में लेकर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंच गया। इस घटना ने न सिर्फ पुलिस अधिकारियों बल्कि वहां मौजूद लोगों को भी झकझोर कर रख दिया। जवान ने शहर के एक निजी अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक फतेहपुर जिले के खागा हाथगाम निवासी विकास सिंह वर्तमान में कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र स्थित 32वीं बटालियन में आईटीबीपी सिपाही के पद पर तैनात हैं। विकास का कहना है कि उनकी मां को सांस लेने में दिक्कत होने पर 13 मई 2026 को इलाज के लिए टाटमिल स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने महिला के हाथ में वीगो (कैनुला) लगाया और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा।

आरोप है कि गलत तरीके से वीगो लगाए जाने के कारण महिला के हाथ में गंभीर संक्रमण फैल गया। अगले दिन हालत बिगड़ने पर उन्हें पारस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि हाथ में गैंग्रीन और जहरीला संक्रमण तेजी से फैल चुका है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की जान बचाने के लिए हाथ काटना जरूरी हो गया था। इसके बाद 17 मई को ऑपरेशन कर महिला का हाथ काट दिया गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज दूसरे अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित जवान का आरोप है कि घटना के बाद वह लगातार पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर वह अपनी मां का कटा हुआ हाथ बॉक्स में रखकर सीधे कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गया। वहां मौजूद अधिकारी भी यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को जांच के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार तीन सदस्यीय डॉक्टरों की एक कमेटी गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर अस्पताल और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *