Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पर्यटन विकास कार्यों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, कांवड़ यात्रा से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश
बस्ती, 19 मई 2026.
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले विकास खंड सदर क्षेत्र स्थित बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर और महादेवा स्थित रामजानकी मंदिर का निरीक्षण किया। बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन अधिकारी विकास नारायण को आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रामजानकी मंदिर महादेवा के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि मौके पर लेबर और मिस्त्री कार्य करते नहीं मिले। इस पर कार्यदायी संस्था से जवाब तलब किया गया। संस्था की ओर से बताया गया कि सेटरिंग का कार्य अगले दिन से शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने हर्रैया विकास खंड के ग्राम परिवारपुर स्थित परमहंस धाम मंदिर यात्री हाल का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य लगभग पूर्ण मिला, हालांकि प्लास्टर का कार्य अभी शेष पाया गया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि जून माह तक हर हाल में शेष कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया कि 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
दुबौलिया विकास खंड के ग्राम बेमहरी स्थित बाबा परमहंस धाम मंदिर के निरीक्षण में निर्माण कार्य पूर्ण मिला, लेकिन पानी की टोटी और सीढ़ियों की रेलिंग का कार्य अधूरा पाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी ने घाट निर्माण को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि सिंचाई विभाग से अनुमति के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा पत्र भेजा गया है। स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार घाट की ड्राइंग में संशोधन कर पुनः अनुमति के लिए भेजा गया है, जिस पर कार्यवाही अपेक्षित है।
इस दौरान पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, स्थानिक अधिशासी अभियंता सीएंडडीएस जय प्रकाश यादव, जल निगम इकाई-34 के आरसी शुक्ला, सहायक परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड गौरव प्रताप सिंह, सहायक अभियंता अभय गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
