NGV PRAKASH NEWS

देश के 15 राज्य भीषण गर्मी की चपेट में, 23 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
नई दिल्ली, 21 मई 2026.
💥 देशभर में मौसम ने दोहरा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। एक ओर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26 मई तक कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
📍मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण उत्तर भारत भट्ठी की तरह तप रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.4 डिग्री और महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजधानी दिल्ली में भी पारा 46.3 डिग्री तक पहुंच गया।
📍आईएमडी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना समेत कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक भीषण लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 मई के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अत्यधिक गर्म हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान में 26 मई तक लगातार हीटवेव की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
📍मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बुजुर्गों तथा बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। डॉक्टरों ने भी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
📍इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। आईएमडी के अनुसार मानसून ने दक्षिण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर लिया है और अगले तीन से चार दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून के प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम बदलने लगा है।
📍पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
📍उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भी तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यह असामान्य बदलाव देखने को मिल रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
