चिलचिलाती धूप भी नहीं रोक पायी जिलाधिकारी को:निरिक्षण में कमी पाये जाने पर एई का वेतन रोका…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, एई का वेतन रोका, कई परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण

बस्ती, 21 मई 2026.

जिलाधिकारी ने गुरुवार को विकास खण्ड परसरामपुर क्षेत्र के विभिन्न निर्माणाधीन और संचालित परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले विकास खण्ड परसरामपुर पहुंचकर ब्लॉक परिसर, शिकायत पटल, एकाउंट कक्ष, आवासीय परिसर और पत्रावलियों का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने धरमपुर स्थित निर्माणाधीन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाइड्रोलिक लैब, वर्कशॉप, क्लासरूम, सड़क निर्माण, शौचालय, किचन और आवासीय भवनों का जायजा लिया गया। मौके पर केवल 10 श्रमिक कार्य करते पाए गए, जिससे निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एई अरविन्द कुशवाहा का वेतन बाधित करने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

धरमपुर के निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम में जिलाधिकारी ने परियोजना की ड्राइंग और कार्य प्रगति का अवलोकन किया। कार्यदायी संस्था ने जानकारी दी कि परियोजना को मई 2027 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्टेडियम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल अवगत कराया जाए ताकि समय से समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम पंचायत नारायणपुर स्थित वृहद गोसंरक्षण केन्द्र भी पहुंचीं। यहां उन्होंने पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव से गौशाला के मानकों, पानी, भूसा गोदाम, विद्युत व्यवस्था और हरे चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं की बाउंड्रीवाल का कार्य शीघ्र पूरा कर हैंडओवर करने तथा उपयुक्त भूमि चिन्हित कर नैपियर घास की बुआई की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

हर्रैया स्थित पौधशाला में जिलाधिकारी ने जामुन, आम, नींबू, सागवान, सेमर और अन्य छायादार व फलदार पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी को निर्देशित किया कि गौशालाओं की सूची उपलब्ध कराकर वहां आवश्यकतानुसार पौधरोपण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह, एई अरविन्द कुशवाहा, एक्सईएन आरईडी अंकुर वर्मा, सुपरवाइजर प्रदीप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *