NGV PRAKASH NEWS

जिम के बाहर दिनदहाड़े बरसीं गोलियां: 25 वर्षीय ट्रेनर की हत्या, CCTV में कैद हुई 5 सेकेंड की खौफनाक वारदात
हिसार (हरियाणा), 11 जून 2026 — हरियाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जिम के बाहर युवाओं को ट्रेनिंग दे रहे एक जिम ट्रेनर की बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावरों ने इतनी तेजी से हमला किया कि कुछ ही सेकेंड में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। इस दौरान वहां मौजूद एक युवती भी गोली लगने से घायल हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव का निवासी था। कपिल पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रहकर रेड जिम का संचालन कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने कुछ समय पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। फिलहाल उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह कपिल जिम के बाहर युवाओं को वार्मअप और वर्कआउट का प्रशिक्षण दे रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाश अचानक वहां पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक हमलावर ने कपिल को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर महज पांच सेकेंड के भीतर लगातार गोलियां बरसाता है।

पुलिस के अनुसार हमलावरों ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोलियां लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां अभ्यास कर रही शिखा नामक युवती भी गोली की चपेट में आ गई। उसके कंधे और पैर में गोली लगी है। घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई इस वारदात से जिम परिसर में अफरा-तफरी मच गई। युवक-युवतियां अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलियां बरसाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। साथी युवकों ने गंभीर रूप से घायल कपिल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए गए हैं। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि सुबह करीब छह बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या की यह वारदात पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दी गई है। कपिल प्रतिदिन इसी स्थान पर युवाओं को प्रशिक्षण देता था और हमलावर उसकी दिनचर्या से अच्छी तरह परिचित प्रतीत होते हैं। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी हत्या की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं हांसी शहर में इस दुस्साहसिक वारदात के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS