नगर पुलिस की कार्यवाही में कूटरचना के आधार पर जिंदा लोगों को मृत दिखाने वाला आरोपी हुआ गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS

जीवित लोगों को मृत दिखाकर मदरसे की प्रबंध समिति में रिश्तेदारों की नियुक्ति का आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार

बस्ती, 12 जून 2026.

थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना के एक चर्चित मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मदरसे की प्रबंध समिति के कई जीवित सदस्यों को दस्तावेजों में मृत दर्शाकर उनके स्थान पर अपने रिश्तेदारों को नियुक्त करा दिया था।

पुलिस के अनुसार मटेरा गांव निवासी मोहम्मद नजीर की तहरीर पर थाना नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मदरसा अरबिया अहले सुन्नत तालीमुल इस्लाम अशरफिया, मटेरा की प्रबंध समिति में संस्थापक सदस्य और पदाधिकारी रहे कई लोगों को कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से मृत दर्शा दिया गया। इसके बाद उनके नाम समिति से हटवाकर आरोपी ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों को विभिन्न पदों पर नियुक्त करा दिया।

आरोप है कि मदरसे के प्रबंधक अब्दुर्रव ने ग्राम प्रधान के कथित फर्जी हस्ताक्षर और मोहर का उपयोग करते हुए वर्ष 2009 में मोहम्मद नजीर को मृत दिखाने की कार्रवाई की। इसी प्रकार सेराजुद्दीन, मुनव्वर अली और मेहदी हसन को भी जीवित रहते हुए शपथ पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर मृत घोषित कराया गया। शिकायत के अनुसार इन दस्तावेजों को सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स कार्यालय में प्रस्तुत कर उनके नाम प्रबंध समिति से निरस्त करा दिए गए।

मामले में यह भी आरोप लगाया गया कि बाद में आरोपी ने अपने सगे भाई और अन्य रिश्तेदारों को समिति में सचिव और सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त करा दिया। जांच के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का संकलन किया, जिसमें लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए।

पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में थाना नगर पुलिस और करहली चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुर्रव पुत्र विसमिल्लाह निवासी ग्राम मटेरा, थाना नगर को शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे फुटहिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *