नव विवाहिता की मारने पीटने से इलाज के दौरान मृत्यु- दहेज उत्पीड़न का आरोप…….

NGV PRAKASH NEWS

पिटाई से घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप

बस्ती, 12 जून 2026.

नगर थाना क्षेत्र से एक दिल को ताला देने वाली खबर आई है जहां पर कथित रूप से 5 लाख रूपये दहेज की मांग ना पूरी होने पर विवाहिता को इतना मारा गया कि इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई |
कलवारी थाना क्षेत्र के भैंडवा गांव की रहने वाली विवाहिता ज्योति की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ज्योति की शादी 13 मई 2025 को नगर बाजार के धोबी टोला निवासी सोनू पुत्र मोतीलाल कनौजिया के साथ हुई थी। मृतका के पिता रविंद्र कुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर ज्योति के साथ लगातार मारपीट की जाती थी।

परिजनों के अनुसार 6 जून को शाम करीब पांच बजे ज्योति के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बस्ती ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद ही लगातार 5 लाख की मांग की जा रही थी,दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। ज्योति अपने पीछे चार माह का एक पुत्र छोड़ गई है।

उधर, पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वही मामले में क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में पहले ही मुकदमा पंजीकृत हो चुका है तथा मामले में विवेचना जारी है |
इलाज के दौरान महिला की मृत्यु होने के बाद इसका पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम करवाया गया है |
अब आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी |

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *