Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH न्यूज़

रतनपुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
बस्ती, 18 जून 2026।
जनपद बस्ती के थाना वाल्टरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतनपुरा में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति का शव गांव के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक, स्वाट एवं सर्विलांस टीम मौके पर पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 07:00 बजे एक व्यक्ति ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसके भाई का शव गांव में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना वाल्टरगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, स्वाट टीम तथा सर्विलांस टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
मृतक की पहचान बाबूलाल चौधरी पुत्र स्वर्गीय रामदीन चौधरी, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी ग्राम रतनपुरा थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर डॉक्टरों के पैनल एवं वीडियोग्राफी की निगरानी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों द्वारा थाना वाल्टरगंज में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि मृत्यु के कारणों एवं परिस्थितियों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट आने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और साक्ष्य संकलन सहित अन्य आवश्यक जांच कार्रवाई प्रचलित है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर जल्द ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS