Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर: बभनी चौराहे पर युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर, 20 जून 2026।
थाना बखिरा क्षेत्र के बभनी चौराहे पर युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में फैली सनसनी के बीच पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर आरोपियों को दबोचकर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत थाना बखिरा पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में नासिर पुत्र इन्द्रीश निवासी कुसम्हामाफी, निरहू उर्फ साकिर अली पुत्र तौआब अली निवासी कुसम्हामाफी तथा जैगम उर्फ अजमल हुसैन पुत्र शब्बीर निवासी जीवधरा शामिल हैं। पुलिस ने नासिर को ग्राम कुसम्हामाफी स्थित बाग से तथा अन्य दो आरोपियों को बढ़या गांव के पास महुआ की बाग से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को मृतक के पिता इन्द्रेश पुत्र जतन निवासी कोलकी चमरसन ने थाना बखिरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके लगभग 30 वर्षीय पुत्र आनंद की बभनी चौराहे पर आरोपियों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बखिरा में मुकदमा अपराध संख्या 245/2026 धारा 103(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच और गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की है।
घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी संतकबीरनगर तथा पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना बखिरा के थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल रमेश मिश्रा, कांस्टेबल संजीव यादव, आरक्षी रूपान्जय सिंह तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS