Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

जमीन विवाद में गई एक और जान, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
बस्ती, 23 जून 2026
जनपद बस्ती में जमीन संबंधी विवाद लगातार खूनी संघर्ष का रूप लेते जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों का आरोप है कि थाना दिवस, तहसील दिवस तथा जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, जिसका परिणाम कई बार हिंसक घटनाओं के रूप में सामने आता है।
इसी कड़ी में बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना ग्राम में सोमवार की देर रात जमीन से जुड़े एक विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जानकारी के अनुसार बैनामे की गवाही को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। इस दौरान लक्ष्मन नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में लक्ष्मन को उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिस परिवार ने सुबह उन्हें सकुशल घर से निकलते देखा था, उसी परिवार को कुछ घंटों बाद उनका शव लेकर लौटना पड़ा। जैसे ही यह दुखद समाचार गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
लक्ष्मन की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम के साथ-साथ आक्रोश भी फैल गया। गुस्साए परिजनों और समर्थकों ने कथित आरोपी पक्ष के घर को घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और गांव में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसारमामले में पुलिस ने आरोपी पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है
गांव के लोगों का कहना है कि यदि जमीन विवादों से जुड़े मामलों में समय रहते प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी सुनवाई और कार्रवाई होती, तो शायद एक परिवार को अपना सदस्य नहीं खोना पड़ता। एक छोटे से जमीन के टुकड़े को लेकर हुई यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।
NGV PRAKASH NEWS