क्या लखनऊ हादसे से सबक लेगा बस्ती प्रशासन? शहर से लेकर गांव तक उग आये कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों पर होगी कार्यवाही…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

क्या लखनऊ हादसे से सबक लेगा बस्ती प्रशासन? मानक विहीन कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी बने बड़ा खतरा

बस्ती, 23 जून 2026।
राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 15 बच्चों की दर्दनाक मौत और कई छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे के बाद अब सवाल उठने लगा है कि क्या बस्ती प्रशासन भी इस त्रासदी से कोई सबक लेगा या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।

जनपद बस्ती मुख्यालय से लेकर कस्बों और गांवों तक बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियां संचालित हो रही हैं। इनमें से अनेक संस्थान ऐसे भवनों में चल रहे हैं जहां अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। कई स्थानों पर संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दर्जनों छात्र-छात्राएं एक साथ अध्ययन करते हैं, लेकिन आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा मानकों का अभाव साफ दिखाई देता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में संचालित अधिकांश कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के पास आवश्यक पंजीकरण तक नहीं है।

कई संस्थान तो ऐसी जगह पर चल रहे हैं जहां अगर कोई दुर्घटना घटित हो जाए तो बचाव कार्य में भी परेशानियां हो सकती हैं |

शिक्षा के नाम पर तेजी से बढ़ रहे इन संस्थानों की नियमित जांच और सत्यापन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन को जिले के सभी कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का सर्वे कराना चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वहां अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

लखनऊ की घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है। अब देखना यह होगा कि बस्ती प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता है या फिर सब कुछ पहले की तरह चलता रहता है। जिले के हजारों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *