85 लाख रुपए के अवैध गाजा के साथ तस्कर गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS

85 लाख रुपये का 162 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, तीन साथी फरार

सिद्धार्थनगर, 24 जून 2026।

जनपद सिद्धार्थनगर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान करीब 85 लाख रुपये मूल्य का 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में थाना शिवनगर डिड़ई के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम बेलगड़ी टोल प्लाजा से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शौचालय के पास पहुंची, जहां पांच प्लास्टिक के बोरे रखे हुए थे और उनके पास चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही तीन व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित पुत्र मनीराम, निवासी ग्राम सारा थाना फतेहगढ़ जनपद फर्रुखाबाद बताया। पुलिस द्वारा मौके पर रखे पांचों बोरों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 28 बंडलों में पैक 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद गांजा को उसके साथी पिन्टू चौरसिया उर्फ वीरेन्द्र, सूर्य प्रकाश चौरसिया तथा अमन के सहयोग से बस के माध्यम से नोएडा ले जाने की तैयारी थी। इससे पहले कि खेप को गंतव्य तक पहुंचाया जाता, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी तथा उसके साथी पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। विशेष रूप से फरार आरोपी पिन्टू चौरसिया के विरुद्ध विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी तथा सरकारी कार्य में बाधा जैसे गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार श्यामू दीक्षित पर भी दुष्कर्म, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना शिवनगर डिड़ई में मु0अ0सं0 50/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव जी भट्ट, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र गौतम, मुख्य आरक्षी सुशील राय, आरक्षी सौरभ सिंह तथा अजय कुमार यादव शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *