Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS
लूट की वारदात का खुलासा, चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार; दो बाइक व नकदी बरामद
बस्ती, 26 जून 2026।
जनपद बस्ती की थाना कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें तथा 1,545 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0-276/2026 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को खलीलाबाद निवासी पीड़ित बस्ती रोडवेज पहुंचा था। वहां उसने अपने गांव के परिचित सत्यम को फोन कर बहराइच जाने वाली बस के बारे में जानकारी मांगी। सत्यम ने अपने भाई सुभाष को मदद के लिए भेजा। कुछ देर बाद सुभाष अपने तीन साथियों के साथ पीड़ित के पास पहुंचा और उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।
रास्ते में आरोपियों ने दिशा बदल दी। जब पीड़ित ने इसका कारण पूछा तो उसे डरा-धमकाकर एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उससे जबरन 7,500 रुपये लूट लिए गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल फोन की सिम निकालकर तोड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए सक्रिय हुई थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 25 जून 2026 की रात करीब 9:10 बजे जामडिह शुक्ल मार्ग के पास इसाई कब्रिस्तान के पीछे स्थित खाली मैदान से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुभाष मोदनवाल (20 वर्ष), आदर्श गुप्ता (19 वर्ष), नफीस (18 वर्ष) और दिलशाद (18 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के निवासी हैं।
इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द ने किया। अभियान में उपनिरीक्षक जयविन्द कुमार यादव (चौकी प्रभारी रोडवेज), उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रसाद (चौकी प्रभारी रौता), उपनिरीक्षक अनस अख्तर (चौकी प्रभारी मड़वानगर) सहित कांस्टेबल धीरज यादव, चन्द्रशेखर यादव, अर्जुन यादव, धनंजय यादव एवं शिवम वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
NGV PRAKASH NEWS