NGV PRAKASH NEWS

दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जान से मारने की धमकी का भी आरोप
बस्ती, 27 जून 2026। जनपद के दुबौलिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने दर्ज दुष्कर्म मुकदमे में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने प्रार्थना पत्र देकर मामले में तत्काल कार्रवाई, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उसने 11 जून 2026 को थाना दुबौलिया में मुकदमा संख्या 112/2026 के तहत धारा 85, 64 एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि अलीकमर और मोहम्मद अलतमस ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
महिला ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद 12 जून को उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा 15 जून को न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी उसी गांव के निवासी हैं और खुलेआम घूम रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के परिजन हाल ही में उसके घर पहुंचे और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही फोन के माध्यम से भी मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण में तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने, निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
NGV PRAKASH NEWS