Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में बड़ी सफलता: अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के जेवरात, 25 ग्राम गला हुआ सोना और नकदी बरामद
बस्ती, 29 जून 2026।
बस्ती की थाना नगर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शातिर चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर चोर तथा चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सोनार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 3.67 लाख रुपये मूल्य का 25 ग्राम गला हुआ सोना, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 30,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई से थाना नगर, पैकोलिया और हर्रैया क्षेत्र में दर्ज चोरी की चार घटनाओं का सफल खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को की गई संयुक्त कार्रवाई में सूरज कुमार सोनी निवासी अलीपुर बाजार, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा को फुटहिया क्षेत्र से तथा चोरी का माल खरीदने वाले राहुल उर्फ रामेश्वर वर्मा निवासी मंगल बाजार, थाना पुरानी बस्ती (स्थायी निवासी मुण्डेरा बाबू, थाना तरकुलवा, जनपद देवरिया) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 25 ग्राम गला हुआ सोना, दो जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए, एक चांदी की अंगूठी, पांच सोने की नाक की कील, 30,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP51AF9260) बरामद की गई।
पूछताछ में मुख्य अभियुक्त सूरज कुमार सोनी ने कई सनसनीखेज खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि 4 मार्च 2026 को थाना नगर क्षेत्र के प्रसादपुर गांव में चोरी की थी। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को हर्रैया क्षेत्र के मरवट काली माता मंदिर से अपने साथी के साथ चांदी का मुकुट चोरी किया। वहीं 30 अप्रैल 2026 को अपने साथी कृष्ण चंद्र सोनी के साथ दयालपुर में सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी किया। उसने यह भी कबूल किया कि बस्ती, गोंडा और बलरामपुर जनपदों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया तथा चोरी के जेवरात राहुल को बेचे जाते थे, जो उन्हें गलाकर ठिकाने लगाता था।
पूछताछ के दौरान सूरज ने बताया कि उसका साथी कृष्ण चंद्र सोनी 17 जून 2026 से जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए वह पुराने चोरी के जेवर बेचने राहुल के पास जा रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में थाना नगर के मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 एवं 109/2026, थाना पैकोलिया के मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 तथा थाना हर्रैया के मुकदमा अपराध संख्या 107/2026 का सफल अनावरण हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य कृष्ण चंद्र सोनी के खिलाफ बस्ती और बलरामपुर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गिरफ्तार अभियुक्त सूरज और राहुल के विरुद्ध भी वर्तमान चोरी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
इस महत्वपूर्ण सफलता में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की प्रभावी रणनीति और नेतृत्व की अहम भूमिका रही। उनके निर्देशन में थाना नगर पुलिस ने एसओजी प्रभारी विकास यादव तथा सर्विलांस टीम के साथ समन्वय स्थापित कर न केवल शातिर चोर को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले सोनार तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं के खुलासे के साथ अपराधियों के एक सक्रिय गिरोह पर भी प्रभावी अंकुश लगा है।
इस अभियान में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी विकास यादव, उपनिरीक्षक मो. मुस्तफा खां, चन्द्रभान निषाद, मुख्य आरक्षी पवन कुमार यादव, इरशाद खान, आरक्षी सतेन्द्र यादव, विजय यादव, चन्दन तथा सर्विलांस सेल के मुख्य आरक्षी सतेन्द्र सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
NGV PRAKASH NEWS