Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, साक्ष्य बरामदगी के दौरान भागने पर पुलिस मुठभेड़ में दोनों के पैर में लगी गोली

संतकबीरनगर, 1 जुलाई 2026।
संतकबीरनगर पुलिस ने ऑपरेशन क्रैक डाउन अभियान के तहत नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म, हत्या और साक्ष्य मिटाने के बहुचर्चित मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद साक्ष्य बरामद कराने के लिए ले जाते समय दोनों आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा कई बार रुकने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब दोनों नहीं रुके तो आवश्यक बल प्रयोग करते हुए फायरिंग की गई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहदावल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष बेलहरकला हरिकेश भारती एवं एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मुहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू पुत्र समसुल हक तथा मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले, निवासी नगर पंचायत बेलहरकला, टोला पनभरा, थाना बेलहरकला को बालूशासन पुल के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को मृतका का मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कराने के लिए ग्राम कुशहरा दरही रोड स्थित जंगल बेलहर क्षेत्र में ले जाया गया था। सुबह लगभग चार बजे बरामदगी के दौरान दोनों आरोपी अचानक पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें कई बार रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए फायरिंग की, जिससे दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना का पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 को मृतका की मां ने थाना बेलहरकला पहुंचकर तहरीर दी थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री लगभग 15 दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाई गई थी। करीब तीन दिन पहले उसे वापस घर छोड़ दिया गया था। 28 जून की रात लगभग दो बजे जब वह अपनी बेटी को देखने गई तो वह बिस्तर पर नहीं थी। सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि उसकी पुत्री का शव कब्रिस्तान के पास सागौन के पेड़ की टहनी से उसी के दुपट्टे के सहारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि किशोरी की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देकर साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया है। इस आधार पर थाना बेलहरकला में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि विवेचना में मिले साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और आरोपियों के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोत्तरी की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरिकेश भारती, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, कांस्टेबल रामभूषण पटेल, आरक्षी शुभम वर्मा, आरक्षी आशीष कुमार वर्मा, एसओजी प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल अनूप राय, कांस्टेबल शुभम सिंह, कांस्टेबल विवेक मिश्रा तथा कांस्टेबल दीपक सिंह शामिल रहे।
मामले के सफल खुलासे, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा साक्ष्य बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS