दोस्ती के नाम पर बुलाकर कर दी हत्या…….

NGV PRAKASH NEWS

दोस्ती के नाम पर बुलाया, फिर मौत के घाट उतारा! हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

बस्ती, 02 जुलाई 2026।

बस्ती की गौर थाना पुलिस ने युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने थाना गौर पर दर्ज मु0अ0सं0 109/26 में धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमनाथ सिंह उर्फ काका पुत्र स्व. रामकुमार सिंह निवासी महुआडाबर, थाना गौर तथा नयन ज्योति सरकार उर्फ माइकल पुत्र गोपाल चन्द्र सरकार निवासी मकान संख्या 248, अमरुतहिया, शक्तिनगर बभनान के रूप में हुई है। दोनों को 01 जुलाई 2026 को रामापुर तिराहे स्थित जय मां लक्ष्मी किराना स्टोर के पास से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

यहां बताते चलें कि मृतक सत्यम सिंह (20 वर्ष) की मां ने थाना गौर में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया था कि 24 जून 2026 की सुबह करीब छह बजे प्रेमनाथ सिंह उर्फ काका उनके पुत्र सत्यम को अपने साथ घर से ले गया था। बाद में बभनान क्षेत्र में नयन ज्योति सरकार उर्फ माइकल भी उनके साथ देखा गया। देर शाम तक सत्यम के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

शिकायत के मुताबिक जब परिजन प्रेमनाथ के घर पहुंचे तो उसने बताया कि वह सत्यम को रेलवे लाइन के किनारे स्थित पोखरे के पास छोड़कर आया है। इसके बाद उसी दिन परिजन, ग्रामीण और प्रेमनाथ मौके पर पहुंचे, लेकिन सत्यम का कोई पता नहीं चला। अगले दिन 25 जून को दोबारा तलाश के दौरान रेलवे लाइन के किनारे पोखरे के पास सत्यम का शव बरामद हुआ।

मृतक की मां ने अपनी तहरीर में आशंका जताई थी कि दोनों आरोपियों ने मिलकर उसके पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे लाइन के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष गौर अतुल अंजान के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अजयनाथ कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल अतीश यादव, धीरज यादव, कांस्टेबल सोनू यादव, आरक्षी प्रभात तिवारी एवं आदर्श पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *