डीएम व एसपी ने टेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर दिये यह निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

UPTET 2026: जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बस्ती, 02 जुलाई 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की प्रथम पाली को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज, श्री कृष्णा पाण्डेय इंटर कॉलेज तथा श्री कृष्णा कुमारी पाण्डेय इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कहीं भी अव्यवस्था या नकल का प्रयास सामने आता है तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य जिम्मेदार कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *