
प्रेमी युगल को तालिबानी सजा: सिर मुंडवाकर पहनाई चप्पलों की माला, वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में
पूर्वी चंपारण, 2 जुलाई 2026।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बंजरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित प्रेम प्रसंग के चलते ग्रामीणों ने एक युवक और युवती के साथ अमानवीय व्यवहार किया। दोनों की पिटाई करने के बाद उनका सिर मुंडवा दिया गया और गले में चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा गांव में थी। सोमवार शाम युवक के गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने दोनों को एकांत में पकड़ लिया। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाई को बुलाकर दोनों का सिर मुंडवाया गया और चप्पलों की माला पहनाकर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस दौरान भीड़ में मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि युवती विवाहित है और दूसरे गांव के रहने वाले युवक के साथ उसके संबंधों को लेकर पहले से चर्चा चल रही थी। इसी वजह से कुछ युवक उन पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही दोनों को पकड़ लिया गया।
स्थिति बिगड़ती देख गांव के सरपंच के पति महेंद्र यादव ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया और सुरक्षा के लिए थाने ले गई। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।
बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेने और किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS