शादी का झाँसा दे लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

शादी का झांसा देकर लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बरामद

संतकबीरनगर, 05 जुलाई 2026।

संतकबीरनगर जिले की धनघटा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शादी कराने का झांसा देकर लोगों को सुनसान स्थान पर ले जाकर झपटमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से झपटमारी की पूरी रकम 30 हजार रुपये बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी कामता प्रसाद सिंह गरीब युवक-युवतियों की शादी कराने का कार्य करते हैं। इसी सिलसिले में उनकी बातचीत झांसी निवासी आनंद उर्फ मुकेश पाल से हुई, जिसने अनामिका निषाद नाम की युवती से शादी कराने का भरोसा दिलाया। 2 जुलाई को कामता प्रसाद उमरिया बाजार पहुंचे, जहां आनंद ने उनकी मुलाकात अनामिका और उसकी कथित बहन विमल से कराई।

इसके बाद आरोपियों ने उन्हें परिवार से मिलवाने के बहाने रात के समय औराडाड़ नदी के किनारे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले से मौजूद गगन यादव भी उनके साथ मिल गया। बातचीत के दौरान चारों आरोपियों ने मौका पाकर पीड़ित के हाथ में मौजूद बैग से 30 हजार रुपये झपट लिए और फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी और बाद में थाना धनघटा में मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेलहरघाट मंदिर के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गैंग बनाकर शादी का झांसा देकर लोगों को सुनसान स्थानों पर बुलाते थे और फिर उनके रुपये से भरे बैग झपटकर फरार हो जाते थे। गिरोह का सरगना आनंद उर्फ मुकेश पाल बताया गया, जो ग्राहकों को अपने जाल में फंसाने का काम करता था, जबकि अन्य सदस्य वारदात को अंजाम देते थे। लूटी गई रकम आपस में बांटकर सभी अपने परिवार का खर्च चलाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ मुकेश पाल निवासी झांसी, गगन यादव निवासी गोरखपुर, विमल निवासी गोरखपुर तथा अनामिका निषाद निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटमारी की पूरी 30 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, उपनिरीक्षक रवीन्द्र सिंह यादव, एसओजी प्रभारी रजनीश राय सहित थाना धनघटा और एसओजी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

— NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *