गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा :रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी डबल डेकर बस, 50 घायल, 12 की हालत गंभीर…….

NGV PARAKASH NEWS

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी डबल डेकर बस, 50 घायल, 12 की हालत गंभीर

हरदोई 5 जुलाई 2026.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिद्धार्थनगर से दिल्ली-नोएडा जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में लगभग 50 यात्री घायल हो गए, जिनमें 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह दुर्घटना पचदेवरा थाना क्षेत्र के सपाभापुर गांव के पास रात करीब दो बजे हुई। हादसे के बाद बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के सामने अचानक एक वाहन आ जाने पर चालक ने टक्कर से बचने के लिए तेज ब्रेक लगाया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को एंबुलेंस के जरिए शाहजहांपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां 42 लोगों का उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल 12 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घायलों में सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पाण्डेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल, मनोज पाठक, गीता, अर्जुन, दिव्यांश, दिव्यांशी, अर्पित शुक्ला, अनुराधा, आरव, अनवि, राधेश्याम और मोवेंद्र समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी यात्री सिद्धार्थनगर और बस्ती जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की बस यात्राओं में सुरक्षा मानकों तथा चालक की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *