Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में भीषण सड़क हादसा: कांग्रेस नेता के इकलौते पुत्र समेत दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर, हादसे को लेकर सामने आए अलग-अलग दावे
बस्ती, 30 जुलाई 2026।
जनपद बस्ती के नगर थाना क्षेत्र में गोटवा स्थित बसहवा फ्लाईओवर के पास बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12:15 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार और मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की सूचना पर पुलिस व एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई।


इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय के इकलौते पुत्र शिवांश पांडेय (28 वर्ष) तथा कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिलखाए गांव निवासी संदीप कुमार प्रजापति (22 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं तिनपेडिया गांव निवासी तपिश कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताई हादसे की पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल संख्या UP51BJ3632 चला रहे संदीप कुमार प्रजापति, पुत्र राम उजागर प्रजापति, निवासी ग्राम पिलखाए, थाना कप्तानगंज, किसी अज्ञात चीज के चपेट में आकर गिर गए उसी समय कार संख्या UP51BZ8319 की चपेट में उनकी बाइक आ गयी जिससे कार अनियंत्रित हो गयी । कार में हर्ष गुप्ता, शिवांश पांडेय और तपिश मिश्रा सवार थे, जो बस्ती से तिनपेडिया की ओर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही फुटहिया चौकी प्रभारी, नगर थाना पुलिस, सीसी टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शिवांश पांडेय और संदीप कुमार प्रजापति ने दम तोड़ दिया, जबकि तपिश मिश्रा की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हादसे को लेकर सामने आ रहे अलग-अलग दावे
हालांकि दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग बातें भी सामने आ रही हैं। कुछ लोगों के अनुसार, संदीप प्रजापति पहले किसी अज्ञात वाहन अथवा वस्तु से टकराकर सड़क पर गिर गए थे और गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। इसी दौरान पीछे से आ रही किआ कार उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे किसी बड़े वाहन के पिछले हिस्से से टकराई और फिर डिवाइडर से जा भिड़ी। इस घटना में कार सवार शिवांश पांडेय और तपिश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर बसहवा फ्लाईओवर शुरू होने से लगभग 50 मीटर पहले हुई। घटनास्थल का दृश्य भी हादसे की भयावहता को बयां कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले सड़क पर घायल अवस्था में संदीप प्रजापति मिले, उनसे लगभग 50 मीटर आगे उनकी मोटरसाइकिल गिरी हुई थी और उससे भी करीब 50 मीटर आगे कार दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हादसा कई चरणों में हुआ होगा। हालांकि इन दावों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के साक्ष्य, वाहनों की स्थिति और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर फैलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। शिवांश पांडेय, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय के इकलौते पुत्र थे। उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। वहीं संदीप प्रजापति के घर भी मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग दोनों परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
👉 समाचार आगे भी अपडेट किया जाएगा