NGV PRAKASH NEWS

एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने स्कूल में घुसकर शिक्षिका की चाकू से हत्या, 32 सेकंड में किए 34 वार
फरीदाबाद, 04 अगस्त 2026।
हरियाणा के फरीदाबाद में एकतरफा प्यार की सनक ने एक परिवार को उजाड़ दिया। सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह एक युवक ने स्कूल परिसर में घुसकर शिक्षिका संध्या की चाकू से निर्मम हत्या कर दी। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महज 32 सेकंड के भीतर आरोपी ने शिक्षिका पर ताबड़तोड़ 34 चाकू के वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे स्कूल के चेयरमैन डॉ. तेजपाल शर्मा भी हमले में घायल हो गए। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
10 साल पहले किया था प्रेम विवाह, दो बच्चों की मां थीं संध्या
डबुआ कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय संध्या ने करीब 10 वर्ष पहले फिरोजपुरकलां निवासी विक्की से प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें नौ साल का बेटा और सात साल की बेटी शामिल हैं। पहले वह कोट गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं, लेकिन बाद में नौकरी बदलकर सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाने लगी थीं।
दो साल से कर रहा था पीछा और परेशान
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय अमित पिछले करीब दो वर्षों से संध्या को परेशान कर रहा था। वह पहले जिस स्कूल में संध्या पढ़ाती थीं, वहां अक्सर आता-जाता था और उन्हें लगातार परेशान करता था। इस मामले में संध्या के पति विक्की ने कई बार अमित को समझाया था। मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन आरोपी के माफी मांगने पर समझौता हो गया।
इसके बाद भी अमित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने फिरोजपुरकलां गांव जाकर विक्की के साथ मारपीट की और संध्या को अपने साथ ले जाने की धमकी भी दी। परिजनों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में दो बार समझौता होने के बावजूद आरोपी लगातार उन्हें परेशान करता रहा।
परेशान होकर बदल दी थी नौकरी
लगातार उत्पीड़न से तंग आकर संध्या ने अपना पुराना स्कूल छोड़ दिया था और करीब एक वर्ष पहले सिकरौना के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौकरी शुरू की थी। हालांकि, आरोपी ने वहां भी उनका पीछा नहीं छोड़ा।
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अमित ने अपना चेहरा ढंककर स्कूल में प्रवेश किया और खुद को संध्या का पति विक्की बताया। इस पर महिला सहायक ने संध्या को बुला लिया। सीसीटीवी के अनुसार आरोपी करीब 1 मिनट 42 सेकंड तक स्कूल परिसर में गेट के पास टहलता रहा और जैसे ही संध्या वहां पहुंचीं, उसने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बचाने पहुंचे चेयरमैन भी हुए घायल
शिक्षिका की चीख सुनकर स्कूल के चेयरमैन डॉ. तेजपाल शर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल संध्या को तत्काल अल-फलाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो महीने से बना रहा था हत्या की साजिश
सेक्टर-58 थाना प्रभारी केवल कुमार के अनुसार, शिक्षिका ने आरोपी अमित को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी थी, जिससे वह रंजिश रखने लगा था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने करीब दो महीने पहले ही चाकू खरीदा था और आशंका है कि तभी से वह हत्या की योजना बना रहा था।
पुलिस ने शिक्षिका के पति की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अमित को कोट गांव रोड से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS