नकली देशी घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़…….

NGV PRAKASH NEWS

सूरत में नकली देशी घी बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, मिलावटी घी खाने लायक नहीं; डेयरी संचालक गिरफ्तार

सूरत, 06 अगस्त 2026।

त्योहारों के सीजन से पहले गुजरात के सूरत में पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग ने मिलावटी देशी घी बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में वेड रोड स्थित जय योगेश्वर डेयरी पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली घी, कच्चा माल और मशीनरी बरामद की गई। लैब जांच में जब्त घी को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त (खाने लायक नहीं) पाया गया, जिसके बाद डेयरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि वेड रोड की केशव पार्क सोसायटी स्थित जय योगेश्वर डेयरी में बड़े पैमाने पर नकली घी तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जोन-3 एलसीबी, चौक बाजार पुलिस और सूरत महानगरपालिका के फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान डेयरी के पिछले हिस्से से स्टील के ड्रम, घी मिश्रण तैयार करने वाली मशीन, सीलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हल्दी पाउडर और अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। मौके से तैयार किया गया मिलावटी घी भी जब्त कर लिया गया।

ऐसे तैयार किया जाता था नकली देशी घी

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वनस्पति घी में पामोलिन और सोयाबीन तेल मिलाकर मिश्रण तैयार करता था। इसके बाद घी को असली जैसा रंग देने के लिए उसमें हल्दी मिलाई जाती थी। तैयार मिश्रण को 15-15 किलो के डिब्बों में भरकर मशीन से सील किया जाता और फिर शुद्ध देशी घी के नाम से बाजार में बेचा जाता था।

रात में चलता था पूरा खेल

जांच में सामने आया कि पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की नजर से बचने के लिए नकली घी बनाने का काम रात 10 बजे से 1 बजे के बीच किया जाता था। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह अवैध कारोबार पिछले करीब एक वर्ष से चल रहा था।

43 हजार रुपये से अधिक का सामान जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 34.05 किलोग्राम नकली घी, कच्चा माल, मशीनरी और मोबाइल फोन समेत 43,535 रुपये का सामान जब्त किया। मामले में वेड रोड पर डेयरी संचालित करने वाले 42 वर्षीय राजेश कुमार पटेल, निवासी पाटन (गुजरात), को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

डीसीपी राघव जैन ने बताया कि आरोपी वनस्पति घी, पामोलिन तेल और हल्दी मिलाकर नकली घी तैयार कर रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मिलावटी घी किन-किन दुकानों तक पहुंचाया गया और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *