कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती प्रशासन अलर्ट, अमहट घाट का उच्चस्तरीय निरीक्षण; सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की तैयारियों का लिया जायजा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती प्रशासन अलर्ट, अमहट घाट का उच्चस्तरीय निरीक्षण; सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की तैयारियों का लिया जायजा

बस्ती, 07 अगस्त 2026।

आगामी पवित्र श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पवित्र कुआनो नदी के तट स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अमहट घाट पर सुरक्षा और जल व्यवस्था का लिया गया जायजा

निरीक्षण दल में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, जालियां और बांस-बल्ली लगाई जाएं तथा खतरे वाले स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। जल सुरक्षा का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट से नदी के जलस्तर, धारा के प्रवाह और गहराई का निरीक्षण भी किया।

हाई-मास्ट लाइट, मेडिकल बूथ और स्वच्छता पर विशेष जोर

रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अमहट घाट, पार्किंग स्थल, प्रमुख पहुंच मार्गों और स्नान घाटों पर हाई-मास्ट लाइट, एलईडी फ्लड लाइट तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बैकअप जनरेटर लगाने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका को घाट परिसर और कांवड़ मार्गों पर विशेष सफाई अभियान, कूड़ेदानों की व्यवस्था, नियमित सैनिटाइजेशन तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए गए। साथ ही शुद्ध पेयजल के टैंकर, वाटर बूथ, हैंडपंपों की कार्यशीलता, 24 घंटे मेडिकल बूथ, एम्बुलेंस तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल एवं अस्थायी शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया।

रूट डायवर्जन और 24 घंटे सुरक्षा बल की रहेगी तैनाती

अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाए, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

कांवड़ियों की सेवा में आगे आए व्यापारी संगठन, लगाए जाएंगे मेडिकल कैंप और भंडारे

इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर राज्य कर (जीएसटी) कार्यालय, बस्ती में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कांवड़ मार्गों और प्रमुख घाटों पर निःशुल्क मेडिकल कैंप, विशाल भंडारे तथा शुद्ध पेयजल के वाटर बूथ स्थापित करने का निर्णय लिया।

बैठक में उपायुक्त/सहायक आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेंद्र यादव के साथ पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, बस्ती केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन तथा अन्य व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए व्यापक सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारिक संगठनों की इस सामाजिक एवं धार्मिक पहल की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रशासनिक सहायता पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *