Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कावड़ मेले के दौरान बस्ती पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
#उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकों को किया सम्मानित, जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश#
बस्ती, 8 जुलाई 2026 ।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद बस्ती के भ्रमण के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल बालाजी प्रकाश में अमर उजाला द्वारा आयोजित “आभार समर्पण एवं चिकित्सक सम्मान समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया तथा उनके समर्पण, सेवा भावना और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
चिकित्सकों के योगदान की सराहना
समारोह में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सकों से सेवा भाव, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
समारोह के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी तथा इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, स्वच्छता व्यवस्था और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इमरजेंसी वार्ड में एसी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने अस्पताल में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही परिसर की रंगाई-पुताई कराने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल परिसर में बेहतर वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*रिक्त चिकित्सकीय पदों को जल्द भरने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता होने से मरीजों को समय से बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने के भी निर्देश दिए।
मरीजों और तीमारदारों से किया बात
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया तथा उनसे अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध एवं सुगमता से मिले।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों से सेवा भाव, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।