Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ियों को गांजा बेचने की तैयारी में था रेस्टोरेंट संचालक, 10 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार
बस्ती, 09 अगस्त 2026।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अवैध मादक पदार्थ बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को हरैया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच-पांच किलो के दो पैकेट में कुल 10 किलोग्राम अवैध गांजा और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
महाकाल रेस्टोरेंट में रखा था 10 किलो गांजा
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 09 अगस्त 2026 को हरैया पुलिस रोडवेज बस स्टॉप, कस्बा हरैया में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महाकाल रेस्टोरेंट का मालिक शनि कुमार अपनी दुकान में दो पैकेटों में गांजा रखकर कांवड़ियों और राहगीरों को बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल रेस्टोरेंट पर पहुंचकर तलाशी ली। करीब सुबह 3:30 बजे पुलिस ने मौके से शनि कुमार उर्फ रवि को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पांच-पांच किलो के दो पैकेट में कुल 10 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
नेपाल से गांजा लाकर बेचने की बात कबूली
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कांवड़ पर्व के दौरान पैसा कमाने के उद्देश्य से नेपाल से गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर कांवड़ियों और राहगीरों को बेचता था। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा भी बिक्री के उद्देश्य से रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शनि कुमार उर्फ रवि पुत्र स्वर्गीय आशाराम, निवासी वार्ड नंबर 06, हनुमानगढ़ी, कस्बा हरैया, थाना हरैया, जनपद बस्ती, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना हरैया में मु0अ0सं0 231/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना हरैया में मु0अ0सं0 931/2016, धारा 188, 278, 291 भादसं के तहत मुकदमा दर्ज है।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कामेश्वर मिश्र, उमाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल अजय राणा, सौरभ त्रिपाठी, वरुण राय तथा कांस्टेबल शिव यादव और धर्मेन्द्र यादव शामिल रहे।
बरामदगी: 10 किलोग्राम अवैध गांजा और 1,200 रुपये नकद।
NGV PRAKASH NEWS