Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

हर्रैया में 10 किलोमीटर लंबी तिरंगा बाइक यात्रा, हजारों लोगों ने लहराया तिरंगा
बस्ती | 14 अगस्त 2026
6 से 7 हजार बाइकों के साथ उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जनसैलाब
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विधानसभा हर्रैया में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति का विराट प्रदर्शन देखने को मिला। विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में निकली लगभग 10 किलोमीटर लंबी तिरंगा बाइक यात्रा में 6 से 7 हजार बाइकों, सैकड़ों चारपहिया वाहनों और हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। बी.आर. ग्राउंड हर्रैया से शुरू हुई यात्रा महाजन इंटर कॉलेज परिसर तक पहुंची।
यात्रा नेशनल हाईवे, भदावल, संसारीपुर, हर्रैया कस्बा और महूघाट होते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराते नजर आए और भारत माता के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
युवाओं और महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह
भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। विशेष रूप से युवाओं और Gen-Z की भागीदारी ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। महिलाओं ने भी घरों और छतों से तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान जगह-जगह विधायक अजय सिंह का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। लोगों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता ने भी कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया।
महेश शुक्ला की रही गरिमामयी सहभागिता
तिरंगा यात्रा में उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला की शुरुआत से समापन तक सहभागिता रही। उनकी मौजूदगी से यात्रा में शामिल युवाओं और क्षेत्रवासियों का उत्साह और बढ़ा।
अजय सिंह ने जताया आभार
विधायक अजय सिंह ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए हर्रैया विधानसभा की जनता, युवाओं, कार्यकर्ताओं और सभी राष्ट्रभक्त सहभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन और पुलिस टीम को भी बेहतर व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल बाइक रैली नहीं, बल्कि भारत माता के वीर सपूतों के बलिदान को नमन, तिरंगे की आन-बान-शान के सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प का प्रतीक है।
“हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में हिंदुस्तान—हर्रैया की यही पहचान!”
NGV PRAKASH NEWS