पति नें पत्नी और दो बेटियों पर किया हमला; पत्नी और एक बेटी की मौत दूसरी ने भाग कर बचाई जान…….

NGV PRAKASH NEWS

गाजियाबाद में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, पति ने पत्नी और दो बेटियों पर किया हमला; मां-बेटी की मौत

गाजियाबाद | 22 अगस्त 2026

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में पारिवारिक विवाद ने शनिवार तड़के खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बेटियों पर गंडासे व चाकू से हमला कर दिया। चौथी मंजिल पर हुई इस वारदात में मां और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रही।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। शनिवार तड़के करीब 3:02 बजे तीनों को एंबुलेंस के जरिए जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रूबी तबस्सुम (14) का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पति मोहम्मद रजा अंसारी मौके से भागा नहीं। पत्नी के पेट और गले तथा बेटी के गले पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद वह घर के बाहर ही बैठा रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मोहम्मद रजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला बताया गया है। वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी के तौर पर काम करता था। शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी और उससे पैदा हुए तनाव की बात सामने आई है। साथ ही उसके पिछले कुछ समय से अवसाद से जूझने की भी बात बताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और वारदात के पीछे के अन्य कारणों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य के अनुसार देर रात करीब 12:15 बजे घटना की सूचना मिलने पर खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों, आसपास के लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस परिस्थिति में पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित ने अपनी ही पत्नी और बेटियों पर जानलेवा हमला कर दिया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *