NGV PRAKASH NEWS

थानागाजी में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल, जांच शुरू
अलवर | 23 अगस्त 2026
अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ बांध में नहाते हुए कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ भड़ाज बांध के पानी में दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इस दौरान उसने कुछ छात्राओं को अपनी गोद में भी उठाया। बांध के पास मौजूद कुछ युवाओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना 15 अगस्त की है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद प्रिंसिपल स्कूल के छात्र-छात्राओं को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर स्थित बांध पर ले गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, वहां करीब 20 से 25 बड़ी बालिकाएं भी मौजूद थीं। आरोप है कि बच्चों को तैराकी सिखाने और भ्रमण के नाम पर बांध पर ले जाया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को बांध में उतारते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। आरोप है कि किसी भी बच्चे को लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि कई बच्चों को तैरना भी नहीं आता था। इसी दौरान प्रिंसिपल के छात्राओं के साथ पानी में होने का वीडियो बनाया गया।
बांध पर बच्चों को ले जाने को लेकर भी सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, बांध की पाल करीब 5 से 6 फीट चौड़ी है और यहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों और प्रशासन के मुताबिक, करीब चार साल से इस स्थान पर जाने पर पाबंदी है। ऐसे में स्कूली बच्चों को वहां ले जाने के फैसले पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद थानागाजी पुलिस ने भी मामले में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। थानागाजी थाना प्रभारी राजकुमार मीणा ने बताया कि अभी तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, प्रिंसिपल के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
वायरल वीडियो में प्रिंसिपल बिना कपड़ों के छात्राओं के साथ बांध के पानी में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने मांगी जांच रिपोर्ट
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने बताया कि बालिकाओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से जानकारी ली गई है। अब टीम पूरे मामले की जांच करेगी और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने यह भी माना कि इस तरह की घटना गलत है और वायरल वीडियो के पीछे के तथ्यों की भी जांच कराई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई क्या है और नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS