
NGV PRAKASH NEWS
त्रिशूर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी लॉरी से टकराई कार, 8 लोगों की मौत; मृतकों में छात्र होने का अनुमान
त्रिशूर, 5 सितंबर 2026।
केरल के त्रिशूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पास पनमपिक्कुन्नू में हुआ, जहां निर्माण कार्य के चलते सड़क पर खड़ी लॉरी से एक कार जोरदार तरीके से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे हुई। तमिलनाडु के मदुरै रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान निर्माण कार्य के कारण उसी दिशा में सड़क पर खड़ी लॉरी से कार की भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कार काटकर निकाले गए घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को वाहन को काटना पड़ा। दो घायलों को काफी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया।
मृतकों के छात्र होने का अनुमान
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में उनके छात्र होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया है। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS