डीआईजी संजीव त्यागी ने छात्राओं को उनके सम्मान,सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर दी जानकारी…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

छात्राओं की सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर डीआईजी संजीव त्यागी ने किया जागरूक

बस्ती, 10 सितंबर 2026।

मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने कोतवाली बस्ती क्षेत्र स्थित बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं, छात्रों एवं शिक्षकों को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी संजीव त्यागी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 102 एवं 108 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने छात्राओं को जानकारी दी कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं एवं छात्राएं अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों के समक्ष सहजता से रख सकती हैं। इस दौरान मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) के पंपलेट भी वितरित किए गए।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

साइबर जागरूकता अभियान के तहत डीआईजी ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

डीआईजी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से जुड़े अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बस्ती, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *