NGV PRAKASH NEWS

सात ताले तोड़े, बुजुर्ग महिला की गर्दन पर चाकू रखा और लाखों समेट ले गए बदमाश
संतकबीरनगर 13 सितम्बर 2026।
दुधारा थाना क्षेत्र के थूरडां गांव में शनिवार की रात बदमाशों ने दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के इकबाल को चुनौती दे दी। गांव से कुछ दूरी पर बने मकान में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने कथित तौर पर बंधक बनाया और उसके बाद घर के सात ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला की गर्दन पर चाकू रखकर उनके पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता चमेली देवी नें बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे उन्हें घर के बाहर चैनल का ताला तोड़े जाने की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर वह जागीं और छत पर पहुंचकर मदद के लिए आवाज लगाने लगीं। इसी दौरान दो बदमाश पेड़ के सहारे छत पर चढ़ आए। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू के बल पर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और शरीर पर पहने जेवर उतरवा लिए।
इसके बाद बदमाश घर के भीतर दाखिल हुए और कमरों में रखे बक्सों को खंगालना शुरू कर दिया। घर में लगे एक-दो नहीं, बल्कि सात ताले तोड़कर बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि शिव प्रसाद के परिवार के कुछ सदस्य रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे, जबकि शिव प्रसाद गांव के पुराने मकान में रहते हैं। इसी कारण उनकी मां चमेली देवी गांव से बाहर स्थित मकान में अकेली रह रही थीं। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश सोने की हसुली, दोनों हाथों के कड़े, करधन, चांदी की छह छड़े, कानों की दो जोड़ी बालियां (फूल और तितली), सोने-चांदी के सिक्के और नथुनी समेत अन्य सामान ले गए। एक डिब्बे में रखे करीब 25 हजार रुपये कीमत के सिक्के भी बदमाश अपने साथ ले गए। परिवार ने चोरी हुए सामान और नकदी की कीमत लाखों रुपये बताई है।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी प्रियंम राजशेखर पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बदमाशों तक पहुंचने के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS