गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन हुआ सतर्क; जिलाधिकारी नें अमहट घाट का किया निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर अमहट घाट का डीएम ने किया निरीक्षण, गोताखोर व सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

बस्ती, 23 सितंबर 2026।
गणेश मूर्ति विसर्जन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को अमहट घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाए और जरूरत के अनुसार नाव व अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान घाट पर आने-जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, राजेश यादव, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव और ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *