
NGV PRAKASH NEWS
तीसरमंजिल से गिर कर पेंटर की मौत, जयपुरिया स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
बस्ती/कलवारी | 24 सितंबर 2026
पेंटिंग के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा पेंटर
बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित जयपुरिया स्कूल बेईली में बुधवार को पेंटिंग का काम कर रहे 30 वर्षीय पेंटर की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घटना की जानकारी देर से देने का आरोप लगाया है। दुर्घटना के दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग सहम गए।
मृतक की पहचान वेद प्रकाश पुत्र भगवानदीन निवासी ग्राम शहरानपुर, थाना कलवारी के रूप में हुई है। बताया गया कि वेद प्रकाश जयपुरिया स्कूल में पेंटिंग का काम कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे काम के दौरान वह अचानक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल वेद प्रकाश को तत्काल बहादुरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
कैली अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे महर्षि वशिष्ठ स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध ओपेक अस्पताल कैली रेफर कर दिया। अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद वेद प्रकाश को मृत घोषित कर दिया।
चार घंटे बाद परिजनों को जानकारी देने का आरोप
मृतक के भाई सूर्य नारायण का आरोप है कि हादसा करीब 3 बजे हुआ था, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से परिवार को तत्काल सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि वेद प्रकाश की कैली अस्पताल में करीब 5 बजे मौत हो गई, जबकि परिजनों को स्कूल की ओर से शाम करीब 7:30 बजे घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने स्कूल में काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने तथा यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
NGV PRAKASH NEWS